भारतीय किसान संघ का 27 फरवरी को जिला स्तरीय आंदोलन का ऐलान, तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन

माखननगर: भारतीय किसान संघ की तहसील माखननगर इकाई की मासिक बैठक आज स्थानीय कृषि उपज मंडी में आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष सर्वज्ञ दीवान ने विशेष रूप से शिरकत कर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया।

बैठक को संबोधित करते हुए दीवान ने संगठन द्वारा मनाए जाने वाले चार प्रमुख उत्सवों की जानकारी दी। उन्होंने विशेष रूप से वर्तमान में चल रहे ‘भारत माता पूजन’ उत्सव के महत्व पर प्रकाश डाला और कार्यकर्ताओं को इसे जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

आंदोलन की रूपरेखा तैयार


प्रदेश अध्यक्ष ने बैठक में घोषणा की कि भारतीय किसान संघ 27 फरवरी को जिला स्तर पर एक बड़ा आंदोलन करेगा। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया कि वे गांव-गांव जाकर किसानों को इस आंदोलन से जोड़ें और उन्हें एकजुट होने के लिए प्रेरित करें।

12 सूत्री मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन


बैठक के पश्चात संगठन का एक प्रतिनिधिमंडल तहसील कार्यालय पहुंचा और तहसीलदार अंकित मौर्य को मुख्यमंत्री के नाम एक 12 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से किसानों ने अपनी प्रमुख समस्याओं की ओर प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया।

ज्ञापन में रखी गई प्रमुख मांगें इस प्रकार हैं

· गेहूं की सरकारी खरीद ₹2700 प्रति कुंटल की दर से की जाए।
· आगामी ग्रीष्मकालीन फसल मूंग की खरीद को लेकर सरकार की असहमति पर कड़ा विरोध जताया गया। मांग की गई कि पिछले वर्षों के अनुभवों के आधार पर अभी से मूंग खरीद की तैयारी की जाए।
· समर्थन मूल्य पर खरीदी जाने वाली सभी उपजों को फ्लैट कांटों (तौल) से खरीदा जाए।
· विधानसभा चुनाव से पूर्व धान खरीद के लिए किए गए ₹3100 प्रति कुंटल के वादे को पूरा किया जाए।
· मुख्यमंत्री खेत-ग्राम सड़क योजना एवं मुख्यमंत्री विद्युत ट्रांसफार्मर अनुदान योजना को पुनः चालू किया जाए।
· जिले में शेष सभी नालों (नेहरों) का सीमेंटीकरण शीघ्र किया जाए।
· देनवा नदी के गोमुख मुहाने पर सरप्लस डैम का निर्माण किया जाए, ताकि पिपरिया, सोहागपुर एवं माखननगर तहसील के किसानों को वर्षभर सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिल सके।

स्थानीय समस्याओं पर विशेष जोर


इसके अतिरिक्त, स्थानीय मुद्दों को लेकर भी तहसीलदार को एक अलग ज्ञापन दिया गया, जिसमें निम्नलिखित बिंदु शामिल थे:

· किसानों का पंजीयन कार्य पूर्व की भांति सरल प्रक्रिया से किया जाए।
· सिकमीदार किसानों के पंजीयन में सरलीकरण किया जाए और पूर्व वर्षों की तरह ही व्यवस्था लागू रखी जाए।
· शामिल खातेदारों में से किसी एक खाताधारक के नाम से ही पंजीयन की अनुमति दी जाए, सभी खातेदारों के दस्तावेजों की अनिवार्यता समाप्त की जाए।
· कांकरिया नाले एवं उस पर बने स्टॉप डैम की सफाई एवं गहरीकरण का कार्य शीघ्र किया जाए, ताकि आसपास के किसानों के खेतों में रिसाव (सीपेज) की समस्या समाप्त हो सके।
· तहसील क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली सभी सब-माइनरों से अतिक्रमण हटाया जाए।

इस अवसर पर प्रमुख रूप से उदय कुमार पांडेय (जिला अध्यक्ष), ओंमकार राजपूत, बृजेश राजपूत, लखन लाल चौधरी, राजेश दीवान (तहसील अध्यक्ष), गोपाल मीणा (तहसील मंत्री), हितेश चौधरी (मीडिया प्रभारी), भागीरथ मीणा, मोहित चौधरी, शुभम मीणा, जगदीश मीणा, भूपेंद्र दीवान, सुरेंद्र राजपूत, पंचम मीणा, प्रताप सिंह एवं केशव कहार सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!