
माखन नगर। श्री माखनलाल चतुर्वेदी शासकीय महाविद्यालय, माखन नगर में प्राचार्य डॉ. नीता चौबे के निर्देशन में विश्व एड्स दिवस पर जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS), रेड रिबन क्लब तथा स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया।
कार्यशाला में सामुदायिक स्वास्थ्य विभाग माखन नगर की डॉ. प्रेमा अरविंद ने एचआईवी संक्रमण एवं एड्स से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ साझा कीं। उन्होंने संक्रमण के कारण, संक्रमण के बाद होने वाले प्रभाव, तथा संक्रमण से बचाव और रोकथाम के उपायों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने यह भी बताया कि एचआईवी संक्रमण से बचने के लिए कौन-कौन से प्रबंधन एवं सावधानियाँ आवश्यक हैं।

डॉ. आरती ने भी एचआईवी संक्रमण के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की और छात्रों को जागरूक एवं सुरक्षित रहने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में प्रो. डी. एस. खत्री, डॉ. कविता दुबे (राष्ट्रीय सेवा योजना अधिकारी), डॉ. क्षमा मेहरा (स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ प्रभारी), डॉ. राजकुमार पटवा (स्पोर्ट्स ऑफिसर), डॉ. आकांक्षा यादव एवं प्रो. शिवानी मालवीय की उपस्थिति उल्लेखनीय रही। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने सक्रिय रूप से भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाया।
कार्यशाला का संचालन डॉ. धर्मेंद्र सिंह चौहान (राष्ट्रीय सेवा योजना अधिकारी) ने किया तथा आभार प्रदर्शन प्रो. अजय मेहरा द्वारा व्यक्त किया गया।