अनूपपुर। जिले के चचाई थाना क्षेत्र में कुछ दिन पहले जंगल में पेड़ से लटकी मिली अज्ञात महिला की लाश के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। प्रारंभिक तौर पर यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की गहन जांच के बाद यह हत्या का मामला निकला। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार 25 मार्च को ग्राम पंचायत बकही के सरपंच पति ने पुलिस को सूचना दी थी कि महादेवरा मंदिर के पास पहाड़ी पर स्थित जंगल में एक महिला का सड़ा-गला शव पेड़ से लटका हुआ है। सूचना मिलते ही चचाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुरुआती स्थिति को देखते हुए मामला आत्महत्या का लग रहा था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि महिला की मौत गला घोंटने से हुई है, जिससे मामला पूरी तरह बदल गया।
मृतका की पहचान होने के बाद पुलिस ने परिजनों से पूछताछ की और उसके संपर्कों की जांच शुरू की। जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि महिला का प्रेम संबंध रामपुर निवासी 27 वर्षीय सतेंद्र गुप्ता उर्फ संगम से था। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर आरोपी को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की।
ये भी पढ़ें: Dewas News: फिल्मी स्टाइल में अपहरण, सिनेमा हॉल से युवक-युवती का किडनैप, महिला की सूझबूझ से बची जान
पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध कबूल करते हुए बताया कि 9 मार्च को उसने महिला को मिलने के बहाने बुलाया और दोपहिया वाहन से उसे सुनसान जंगल में ले गया। वहां किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया, जिसके बाद आरोपी ने गुस्से में आकर दुपट्टे से महिला का गला घोंट दिया। हत्या करने के बाद उसने मामले को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को पेड़ से लटका दिया और मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई के साथ ही पुलिस ने एक अंधे हत्या के मामले का सफलतापूर्वक पर्दाफाश कर दिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में तकनीकी साक्ष्य और वैज्ञानिक जांच ने अहम भूमिका निभाई, जिससे सच्चाई सामने आ सकी। यह घटना एक बार फिर दर्शाती है कि अपराधी कितनी भी चालाकी से अपराध को छुपाने की कोशिश करें, कानून के शिकंजे से बच नहीं सकते।