सिवनी मालवा में डेयरियों पर प्रशासन का छापा, दूध-मावा समेत मिठाइयों के नमूने जांच के लिए भेजे गए


नर्मदापुरम | जिले में मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। कलेक्टर सोमेश मिश्रा के निर्देश पर सिवनी मालवा में राजस्व विभाग और खाद्य सुरक्षा प्रशासन की संयुक्त टीम ने डेयरियों एवं खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान विभिन्न डेयरियों से दूध और दुग्ध उत्पादों के नमूने लेकर जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
वर्षा ऋतु में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अनुविभागीय दंडाधिकारी (एसडीएम) के नेतृत्व में गुरुवार को यह अभियान चलाया गया। निरीक्षण के दौरान ब्रजवासी डेयरी, नमामी डेयरी और लववंशी डेयरी की जांच की गई।
टीम ने संदेह के आधार पर दूध, मिल्क केक, केसर पेड़ा और मावा पेड़ा के नमूने एकत्रित कर सुरक्षित किए। इन सभी नमूनों को परीक्षण के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है, जहां उनकी गुणवत्ता और शुद्धता की जांच की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन के अधिकारियों ने बताया कि यदि जांच रिपोर्ट में खाद्य पदार्थ मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाते हैं, तो संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण दल में नायब तहसीलदार आलोक भद्र, खाद्य सुरक्षा अधिकारी जितेंद्र सिंह राणा एवं कमलेश एस. दियावार शामिल रहे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए ऐसे औचक निरीक्षण आगे भी लगातार जारी रहेंगे।