
नर्मदापुरम। जिले में पेट्रोल, डीज़ल और एलपीजी की आपूर्ति को लेकर प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि सभी पेट्रोल पंपों पर ईंधन का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आपूर्ति पूरी तरह सुचारू रूप से जारी है।
जिला आपूर्ति अधिकारी Rashmi Sahu ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल और डीज़ल की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। ईंधन की आपूर्ति लगातार और नियमित रूप से की जा रही है तथा वर्तमान खपत को देखते हुए पेट्रोलियम पदार्थों का पर्याप्त भंडारण मौजूद है।
उन्होंने बताया कि जिले की जरूरत के अनुसार रसोई गैस यानी एलपीजी का भी पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। प्रशासन द्वारा पेट्रोल, डीज़ल और एलपीजी के स्टॉक की लगातार निगरानी की जा रही है, जिससे आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित न हो।
जिला आपूर्ति अधिकारी ने स्पष्ट किया कि पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति में किसी भी प्रकार की कोई बाधा नहीं है और स्थिति पूरी तरह सामान्य है। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की है कि वे केवल आवश्यकता अनुसार ही पेट्रोलियम पदार्थों की खरीद करें और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। साथ ही अनावश्यक रूप से पेट्रोल और डीज़ल का भंडारण करने से भी बचें।