शासकीय महाविद्यालय माखननगर में 1 मई से शुरू होगी प्रवेश प्रक्रिया

माखननगर। श्री माखनलाल चतुर्वेदी शासकीय महाविद्यालय, माखननगर में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रथम वर्ष में प्रवेश प्रक्रिया 1 मई से प्रारंभ होने जा रही है। महाविद्यालय प्रशासन द्वारा सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. नीता चौबे ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों की सुविधा के लिए कॉलेज में हेल्प डेस्क की व्यवस्था की गई है, जहां छात्र-छात्राएं मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि पहले चरण में छात्राओं का रजिस्ट्रेशन निशुल्क रहेगा।


प्रवेश प्रभारी डॉ. आई.एस. कनेश के अनुसार, सोहागपुर विधानसभा क्षेत्र के इस एकमात्र शासकीय महाविद्यालय में विज्ञान, वाणिज्य (बीकॉम प्लेन एवं बीकॉम कंप्यूटर एप्लीकेशन) तथा कला संकाय में स्नातक स्तर के पाठ्यक्रम संचालित हैं।


नोडल अधिकारी डॉ. अमिताभ शुक्ला ने बताया कि नियमित रूप से प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ मिलेगा। इनमें ‘गांव की बेटी’, ‘प्रतिभा किरण’, आवास योजना एवं अनुसूचित जाति, जनजाति व पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों के लिए पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति शामिल हैं। वहीं अनुसूचित जाति एवं जनजाति के छात्रों को निशुल्क पुस्तकें एवं स्टेशनरी भी उपलब्ध कराई जाएगी।


महाविद्यालय में एनसीसी एवं एनएसएस की इकाइयां सक्रिय हैं, जिनके माध्यम से हर वर्ष कई छात्र-छात्राएं राष्ट्रीय स्तर पर चयनित होते हैं। खेलकूद के लिए पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध हैं और सभी विषयों के विशेषज्ञ प्राध्यापक मौजूद हैं।


राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अंतर्गत जैविक खेती, व्यक्तित्व विकास, कंप्यूटर शिक्षा, शारीरिक शिक्षा, वर्मी कम्पोस्टिंग तथा योगा-मेडिटेशन जैसे व्यावसायिक पाठ्यक्रम भी संचालित किए जा रहे हैं। साथ ही, स्वामी विवेकानंद करियर मार्गदर्शन योजना के तहत विद्यार्थियों को शैक्षणिक एवं औद्योगिक भ्रमण भी कराया जाता है।


सुरक्षा व्यवस्था के तहत महाविद्यालय परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिससे कक्षाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाती है।


इस वर्ष प्रवेश प्रक्रिया नए पोर्टल e-Pravesh (www.epravesh.mphighereducation.mp.gov.in⁠�) के माध्यम से पूरी की जाएगी। विद्यार्थियों की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर 8000063632 एवं टोल फ्री नंबर 18008908399 जारी किए गए हैं।


कॉलेज चलो अभियान के अंतर्गत एक विशेष टीम का गठन किया गया है, जिसमें डॉ. आई.एस. कनेश, डॉ. धर्मेंद्र सिंह चौहान, डॉ. मनीष शर्मा एवं डॉ. आकांक्षा यादव शामिल हैं।
महाविद्यालय मीडिया प्रभारी डॉ. राजकुमार पटवा ने अपील की है कि विद्यार्थी समय पर पंजीयन कर प्रवेश प्रक्रिया का लाभ उठाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!