Indore News:12 घंटे में मिला लापता मासूम, पुलिस की मुस्तैदी से दादा-पोता सुरक्षित

इंदौर। पलासिया थाना क्षेत्र स्थित पीडब्ल्यूडी परिसर में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक चार वर्षीय बच्चा अपने दादा के साथ संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। पुलिस की तत्परता के चलते महज 12 घंटे के भीतर दोनों को सुरक्षित ढूंढ लिया गया।

थाना प्रभारी सुरेंद्र रघुवंशी के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब 2 से 3 बजे के बीच चार वर्षीय तृष्णु उर्फ हर्षल अपने दादा प्रभुदयाल यादव के साथ लापता हो गया था। शादी समारोह से लौटे परिजनों ने जब दोनों को घर पर नहीं पाया, तो उनकी तलाश शुरू की गई। काफी खोजबीन के बाद भी सफलता नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई।

अपहरण की आशंका में बनीं आठ टीमें
परिजनों ने दादा की मानसिक स्थिति ठीक न होने की जानकारी देते हुए आशंका जताई कि संभवतः कोई अज्ञात व्यक्ति उन्हें बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। इस पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आठ टीमों का गठन किया। इन टीमों ने शहर के प्रमुख स्थानों—बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, होटल, मंदिर और धर्मशालाओं में सघन तलाशी अभियान चलाया। साथ ही सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी प्रसारित की गई।

रात करीब 2 बजे पुलिस को सूचना मिली कि आजाद नगर क्षेत्र में एक प्याऊ के पास बच्चा और बुजुर्ग मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को सुरक्षित अपने संरक्षण में ले लिया।

सीहोर से आया था परिवार
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, परिवार मूल रूप से सीहोर का निवासी है और इंदौर में एक विवाह समारोह में शामिल होने आया था। बताया जा रहा है कि दादा अपने पोते को चॉकलेट दिलाने के बहाने बाहर ले गए थे, जिसके बाद वे रास्ता भटक गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!