मारवाड़ी महिला मंडल द्वारा गणगौर पर निकाली गई भव्य शोभा यात्रा, माखननगर में दिखा उत्सव का उल्लास

माखननगर । दिनांक 21 मार्च 2026, शनिवार को गणगौर के पावन अवसर पर मारवाड़ी महिला मंडल, बाबई द्वारा भव्य शोभा यात्रा का आयोजन किया गया। सायं 4:00 बजे महेश्वरी मंदिर से प्रारंभ हुई यह शोभा यात्रा नगर के पटेल मोहल्ला एवं मुख्य मार्गों से होती हुई बालाजी मंदिर पहुंची।

शोभा यात्रा में शामिल महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सुसज्जित होकर गीत-संगीत के साथ गणगौर पर्व की आस्था और संस्कृति को जीवंत कर दिया। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं की भीड़ और उत्साह देखने लायक रहा, जिससे नगर में उत्सव का माहौल बन गया।

मारवाड़ी महिला मंडल की अध्यक्ष श्रीमती शिवानी खंडेलवाल, सचिव श्रीमती रश्मि अग्रवाल, कोषाध्यक्ष श्रीमती आरती पाटनी, उपाध्यक्ष श्रीमती प्रीति टाबरी एवं सह-सचिव श्रीमती अंशु खंडेलवाल ने कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सहभागिता के लिए सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया।

मंडल की ओर से बताया गया कि शोभा यात्रा पारंपरिक रीति-रिवाजों और धार्मिक श्रद्धा के साथ निकाली गई। इसके साथ ही महिलाओं के लिए विभिन्न खेलों का भी आयोजन किया गया, जिससे कार्यक्रम में उत्साह और आनंद का वातावरण बना रहा।

संस्कृति और परंपरा का संगम बना आयोजन
गणगौर के इस आयोजन ने माखननगर में सांस्कृतिक एकता और महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया, वहीं पारंपरिक त्योहारों के प्रति लोगों की आस्था और जुड़ाव भी स्पष्ट रूप से देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!