नर्मदापुरम में गूँजा माँ कर्मा का जयघोष, 56 व्यंजनों का लगा भोग — भव्य जयंती महोत्सव में उमड़ा जनसैलाब

नर्मदापुरम। संस्कारधानी नर्मदापुरम के मालाखेड़ी स्थित शगुन गार्डन में रविवार को आराध्य देवी संत शिरोमणि माँ कर्मा देवी की जयंती श्रद्धा, भक्ति और सांस्कृतिक उल्लास के साथ भव्य रूप से मनाई गई। राष्ट्रीय तेली साहू महासंगठन के तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव में समाज के हजारों लोगों की सहभागिता ने आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया। कार्यक्रम के दौरान पूरे परिसर में माँ कर्मा के जयकारों और भजनों से भक्तिमय वातावरण बना रहा।


आरती-पूजन और छप्पन भोग के साथ हुआ शुभारंभ


कार्यक्रम का शुभारंभ माँ कर्मा देवी और भगवान जगन्नाथ स्वामी के विधि-विधान से पूजन-अर्चन और भव्य आरती के साथ हुआ। श्रद्धालुओं ने पूर्ण श्रद्धाभाव से भगवान को छप्पन प्रकार के व्यंजनों का भोग अर्पित किया। साहू समाज की महिलाओं ने विशेष रूप से माँ कर्मा को 56 प्रकार के व्यंजन अर्पित कर आस्था और भक्ति की अनुपम मिसाल प्रस्तुत की।


साहू समाज स्वावलंबन का प्रतीक : डॉ. सीताशरण शर्मा


कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीताशरण शर्मा उपस्थित रहे। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और समाज को संबोधित करते हुए कहा कि साहू समाज सदैव स्वावलंबन और परिश्रम का प्रतीक रहा है। उन्होंने कहा कि इस समाज की महिलाएँ अपनी कर्मठता और संस्कारों से परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे समाज की दिशा और दशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।


प्रतिभाओं और पत्रकारों का हुआ सम्मान
महोत्सव के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी आकर्षक प्रस्तुति हुई, जिसमें बच्चों ने नृत्य और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से दर्शकों का मन मोह लिया। इस अवसर पर समाज के वरिष्ठजनों, शैक्षणिक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभाओं तथा सामाजिक कार्यों में योगदान देने वाले समाजसेवियों का सम्मान किया गया। साथ ही लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पत्रकारों को भी उनकी निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया।


हजारों श्रद्धालुओं की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में नर्मदापुरम और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। समाज के प्रमुख लोगों में जगदीश प्रसाद साहू, सतीश साहू, आनंद साहू, बंसीलाल साहू, मोहनलाल साहू, पंकज साहू सहित बड़ी संख्या में महिलाओं और युवाओं की सक्रिय उपस्थिति रही, जिससे आयोजन में विशेष उत्साह का माहौल बना रहा।


आयोजन समिति ने जताया आभार
कार्यक्रम के सफल आयोजन में आयोजन समिति के सदस्य गौरव सेठ किसान, केशव साहू, चंदन साहू, नर्मदा प्रसाद साहू, मीनाक्षी अनिल साहू, कोमल साहू, संतोष साहू, राजेंद्र साहू, संजय साहू, देवेंद्र राठौर, लोकेश साहू और मनीष साहू सहित अनेक लोगों का योगदान रहा। कार्यक्रम के अंत में सभी श्रद्धालुओं ने भोजन प्रसादी ग्रहण की। आयोजन समिति ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This will close in 0 seconds

error: Content is protected !!