बोर्ड परीक्षाओं के सफल संचालन हेतु जिले में उड़नदस्ता दल गठित

कलेक्टर सोनिया मीना के निर्देश पर व्यापक प्रशासनिक व सुरक्षा व्यवस्थाएँ

नर्मदापुरम | 01 फरवरी 2026
जिले में माध्यमिक शिक्षा मण्डल, मध्यप्रदेश, भोपाल द्वारा आयोजित हाईस्कूल एवं हायर सेकेण्डरी परीक्षाओं की शुचिता, पारदर्शिता और कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से कलेक्टर सुश्री सोनिया मीना के निर्देशानुसार व्यापक प्रशासनिक एवं सुरक्षा व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की गई हैं।


कलेक्टर के मार्गदर्शन में परीक्षाओं के सुचारु संचालन हेतु जिला स्तर पर उड़नदस्ता दलों का गठन किया गया है, जो नकल पर प्रभावी नियंत्रण, आकस्मिक निरीक्षण तथा परीक्षा प्रक्रिया की सतत निगरानी करेंगे।


जारी निर्देशों के अनुसार मण्डल द्वारा आयोजित परीक्षाओं के लिए गोपनीय परीक्षा सामग्री का वितरण 06 एवं 07 फरवरी 2026 को जिला समन्वयक संस्था शासकीय उत्कृष्ट उच्च माध्यमिक विद्यालय, नर्मदापुरम से किया जाएगा।

इस कार्य हेतु जिला कलेक्टर की अधिकृत प्रतिनिधि के रूप में श्रीमती सरिता मालवीय, तहसीलदार (नगर) नर्मदापुरम को नियुक्त किया गया है।
प्रश्नपत्रों के बॉक्स कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के तहत केन्द्राध्यक्षों को सौंपे जाएंगे तथा उन्हें संबंधित निकटतम थाना अथवा पुलिस चौकी में सुरक्षित रखवाना अनिवार्य किया गया है। यह समस्त प्रक्रिया जिला शिक्षा अधिकारी के मार्गदर्शन में संपन्न होगी।


परीक्षा अवधि के दौरान प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर परीक्षा अधिनियम 1937 की धाराओं के अंतर्गत पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। परीक्षा से संबंधित अपराधों पर दर्ज एफआईआर में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने हेतु जिले के समस्त अनुविभागीय दंडाधिकारी (राजस्व) एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) को अधिकृत किया गया है।


कलेक्टर ने निर्देश दिए हैं कि नकल की प्रवृत्ति पर सख्त नियंत्रण के लिए पुलिस बल की विशेष ड्यूटी लगाई जाए। साथ ही, परीक्षा केन्द्रों पर आकस्मिक निरीक्षण, सामूहिक नकल की रोकथाम एवं परीक्षा व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने वाले असामाजिक तत्वों पर नियंत्रण के उद्देश्य से जिला स्तर पर उड़नदस्ता दल सक्रिय रहेंगे।


निर्देशानुसार जिले के समस्त अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) तथा तहसीलदार (नगर/ग्रामीण) को उनके-अपने क्षेत्र में उड़नदस्ता दल के रूप में नियुक्त किया गया है। ये दल मण्डल के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सतत निरीक्षण एवं निगरानी कार्यवाही सुनिश्चित करेंगे।


निरीक्षण कार्य में संलग्न सभी उड़नदस्ता दल अधिकारियों, कलेक्टर प्रतिनिधि एवं थाना प्रभारियों को मण्डल एवं जिला कार्यालय से प्राप्त निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि बोर्ड परीक्षाएँ पूर्ण अनुशासन, पारदर्शिता एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हो सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!