
माखन नगर। एकलव्य संस्था एवं एकिडना फाउंडेशन के सहयोग से माखन नगर में 10 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की एक दिवसीय क्षमता वर्धन कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य शाला पूर्व शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार एवं कार्यकर्ताओं की शैक्षणिक दक्षता को सशक्त बनाना रहा।
कार्यशाला में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता रेखा, ममता, सविता, सरोज, उमा, कोसा, शोभा, लीला एवं सुनीता सहित एकलव्य संस्था की टीम उपस्थित रही। प्रशिक्षण सत्र के दौरान शाला पूर्व शिक्षा के महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई तथा इससे जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का व्यावहारिक अभ्यास कराया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत कला, क्राफ्ट एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जो प्रतिभागियों को अत्यंत रोचक एवं आनंददायक लगीं। साथ ही स्थानीय उपलब्ध सामग्री का उपयोग कर बच्चों के सीखने के वातावरण को किस प्रकार मजेदार, सहज एवं प्रभावी बनाया जा सकता है, इस विषय पर भी विचार-विमर्श किया गया।
कार्यशाला के समापन पर सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को शैक्षणिक सामग्री एवं एकलव्य की पत्रिका ‘चमक’ संदर्भ स्रोत के रूप में भेंट स्वरूप प्रदान की गई।