Mauganj News : सरकारी शराब दुकान पर प्रिंट रेट से 50 रुपये अधिक को लेकर मारपीट तक पहुंचे हालात

जिले के हनुमना थाना क्षेत्र अंतर्गत मलैगवा स्थित सरकारी शराब दुकान एक बार फिर विवादों में आ गई है। 22 जून की शाम उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब एक ग्राहक से शराब के निर्धारित प्रिंट रेट से ₹50 अधिक वसूले गए। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दुकानकर्मी मनमानी करते हुए साफ नजर आ रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ग्राहक ने जब अधिक वसूली का विरोध किया तो वहां मौजूद अन्य लोगों ने भी उसका समर्थन किया। देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई और बात मारपीट तक पहुंच गई।

मामले की सूचना पर शराब कंपनी का मैनेजर मौके पर पहुंचा और स्थिति को संभाला। मैनेजर के निर्देश पर इसके बाद शराब की बिक्री प्रिंट रेट पर की गई। ज्ञात हो कि यह पहला मामला नहीं है, इससे पहले खटखरी स्थित शराब दुकान पर भी उपभोक्ताओं से तय कीमत से ज्यादा वसूली की शिकायत मिल चुकी है।

जिले के कलेक्टर संजय कुमार जैन ने हाल ही में सभी शराब दुकानों पर रेट लिस्ट और क्यूआर कोड लगाना अनिवार्य किया था, ताकि ग्राहक निर्धारित कीमत जान सकें। लेकिन बावजूद इसके, कई दुकानों पर न तो रेट लिस्ट प्रदर्शित की गई है और न ही क्यूआर कोड लगाया गया है, जिससे उपभोक्ताओं के अधिकारों का उल्लंघन हो रहा है। स्थानीय लोगों की मांग है कि ऐसे मामलों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि ग्राहकों के साथ दोबारा इस तरह की ठगी न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This will close in 0 seconds

error: Content is protected !!