
नर्मदापुरम | जिले की सांस्कृतिक पहचान और आस्था का प्रतीक संत शिरोमणि श्री रामजी बाबा मेला इन दिनों गुप्ता ग्राउंड में पूरे श्रद्धा भाव और उत्साह के साथ संचालित हो रहा है। मेले में प्रतिदिन आयोजित हो रहे धार्मिक, सांस्कृतिक एवं पारंपरिक कार्यक्रम श्रद्धालुओं और दर्शकों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
उल्लेखनीय है कि ऐतिहासिक श्री रामजी बाबा मेला श्रद्धा, संस्कृति, सौहार्द और आपसी सद्भाव का प्रतीक माना जाता है। यह मेला जिले का प्रमुख एवं बहुप्रतीक्षित आयोजन है, जिसमें प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु श्री रामजी बाबा के समाधि स्थल पर पहुंचकर दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं और साथ ही मेले की विविध गतिविधियों का आनंद उठा रहे हैं।
10 फरवरी तक चलेगा 11 दिवसीय आयोजन
31 जनवरी से प्रारंभ हुआ यह 11 दिवसीय मेला 10 फरवरी तक संचालित किया जाएगा। इस दौरान प्रतिदिन धार्मिक अनुष्ठानों के साथ-साथ सांस्कृतिक, साहित्यिक और खेल गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है, जिससे मेला परिसर में उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है।
सांस्कृतिक, साहित्यिक और खेल आयोजनों की भरमार
मेले के कार्यक्रमों की श्रृंखला में—
6 फरवरी को संगीत कार्यक्रम के साथ इंडियाज गॉट टैलेंट में चर्चित मलखम टीम द्वारा विशेष प्रस्तुति दी जाएगी।
7 फरवरी को मेला मंच पर अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन होगा, जिसमें धार के प्रसिद्ध कवि जानी बैरागी, इंदौर के अतुल ज्वाला, उज्जैन के हिमांशु बवंडर, नीमच की डॉ. प्रेरणा ठाकरे, मेरठ के डॉ. शुभम त्यागी, दिल्ली की डॉ. बबीता पांडेय, मांडव के पंकज प्रसून चौधरी एवं रीवा के रूद्र प्रताप
अपनी काव्य एवं व्यंग्य रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे। इसी दिन नर्मदा महाविद्यालय में दिन में कबड्डी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा।
8 फरवरी को दिन में पारंपरिक बैलगाड़ी दौड़ प्रतियोगिता आयोजित होगी।
9 फरवरी को एसएनजी स्टेडियम में भव्य दंगल प्रतियोगिता होगी, जिसमें प्रदेशभर के नामी पहलवान भाग लेंगे।
श्रद्धालुओं में उत्साह, मेले में उमड़ रही भीड़
श्री रामजी बाबा मेले में धार्मिक आस्था के साथ-साथ लोकसंस्कृति और पारंपरिक खेलों का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। आयोजनों को लेकर श्रद्धालुओं और नगरवासियों में खासा उत्साह है, जिससे मेला परिसर दिन-रात रौनक से भरा हुआ है।